{"vars":{"id": "100198:4399"}}

Delhi-NCR Weather Update: दिल्ली में येलो अलर्ट जारी, आंधी-तूफ़ान की भी संभावना, देखें मौसम का हाल 

शनिवार को बारिश से मौसम हुआ सुहावना 
 

Delhi Weather Forecast: दिल्ली में मौसम विभाग ने आज के लिए बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। सोमवार को हल्की बारिश होने की भी संभावना है। इससे गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। बारिश के साथ आंधी-तूफान की भी संभावना है। 

कल दोपहर में तेज हवाओं के साथ धूल भरी आंधी चली। इसके बाद मौसम बदल गया, ऐसे में आसमान में काले बादल छा गए और शाम से पहले ही बारिश शुरू हो गई। बारिश के दौरान कई बार बिजली गुल हो गई। 

दिल्ली का अधिकतम तापमान 39.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री अधिक है। न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से दो डिग्री अधिक है। शाम को तापमान में तीन से चार डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। ठंडी हवा ने मौसम को सुखद बना दिया है।

वहीं, राजधानी में खराब मौसम के कारण 16 उड़ानों को अन्य हवाई अड्डों की ओर मोड़ना पड़ा। इनमें इंडिगो द्वारा संचालित सात उड़ानें, विस्तारा द्वारा दो, एयर इंडिया द्वारा छह और एयर इंडिया एक्सप्रेस द्वारा एक उड़ान शामिल है। मौसम विभाग पहले ही शनिवार और रविवार को बारिश का येलो अलर्ट जारी कर चुका है। 

मौसम विभाग के अनुसार, आज और कल हवा की गति 35 से 45 किमी प्रति घंटे होगी। अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

रविवार को हवा उत्तर-पश्चिम से दक्षिण-पूर्व की ओर बढ़ेगी। इस दौरान हवा की गति 16 से 36 किमी प्रति घंटे रहने का अनुमान है। 
सोमवार को हवा अलग-अलग दिशाओं से चल सकती है। 8 से 20 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। मंगलवार को पश्चिम-उत्तर-पश्चिम से उत्तर-पश्चिम की ओर हवा चलेगी। इस दौरान हवा की गति 8 से 32 किमी प्रति घंटे रहने का अनुमान है।