{"vars":{"id": "100198:4399"}}

Kisan Andolan: पंजाब सीमा पर 3 लेवल की सुरक्षा, हरियाणा के 15 जिलों में धारा 144 लागू 

हरियाणा पुलिस के साथ BSF और RAF की 50 कंपनियां होंगी तैनात 
 

Kisan Andolan: हरियाणा पुलिस ने किसान संगठनों के दिल्ली कूच आंदोलन को लेकर पूरी सुरक्षा व्यवस्था की है। बतादें कि, पंजाब सीमा पर तीन लेवल की पुलिस सुरक्षा होगी। पहले BSF के जवान होंगे और उनके पीछे RAF और तीसरे में हरियाणा पुलिस के हथियार बंद जवान होंगे। हरियाणा के पंजाब के साथ लगते बॉर्डर को सील करने के अलावा लिंक रोड भी पुलिस कर्मचारी तैनात हैं। बतादें कि, 13 फरवरी को चेकिंग और परमिशन के बाद ही वाहनों को हरियाणा राज्य में एंट्री मिलेगी।  

राज्य में कानून व्यवस्था सुचारु करने के लिए 15 जिलों में धारा 144 लगा दी गई है। ट्रेक्टर -ट्राली के जरिए किसी भी प्रकार का प्रदर्शन को प्रतिबंधित किया है। राज्य के ख़ुफ़िया विभाग के कर्मचारी हर पल की जानकारी मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर को दे रहे हैं। सोशल मीडिया पर भी शरारती तत्वों पर मॉनिटरिंग रखी जा रही है।

हरियाणा पुलिस ने कहा, सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने जनता से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार के कंटेंट अथवा वीडियो को बिना पुष्टि के शेयर न करें।

सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि, कुंडली, बड़ी, बहादुरगढ़ और साथ लगते विभिन्न औद्योगिक संगठनों ने भी प्रशासन से अनुरोध किया गया है कि धरना-प्रदर्शन को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाएं, क्योंकि पिछली बार के धरना-प्रदर्शन से उनका काफी आर्थिक नुकसान हुआ था। उन्होंने बताया कि प्रदेश में विभिन्न किसान संगठनों ने भी पुलिस-प्रशासन को आश्वस्त किया है कि वे प्रदर्शन में भाग नहीं लेंगे। इन किसान संगठनों ने अपील भी की है कि ट्रैक्टर-ट्राली खेतों में चलाने के लिए हैं न कि किसी प्रकार के प्रदर्शन के लिए।

किसी भी प्रकार की जरूरी जानकारी और यातायात संबंधी जानकारी के लिए हरियाणा पुलिस ने अपने सोशल मीडिया हैंडल एक्स अकाउंट @DGPHaryana, @Haryana_Police और उनके फेसबुक अकाउंट Haryana Police को फॉलो कर लें। इन सभी एकाउंट्स में जरूरी जानकारी शेयर की जाएगी। पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है कि, पंजाब जाने वाले यात्री हरियाणा पुलिस की ओर से लगातार जारी की जा रही ट्रैफिक एडवाइजरी को फॉलो करें और साथ ही अनावश्यक यात्रा न करें। कोई भी इमरजेंसी स्थिति में 112 डायल करें। 

शत्रुजीत कपूर, DGP हरियाणा ने कहा है कि, हरियाणा पुलिस ने पुख्ता सुरक्षा बंदोबस्त किए हैं। किसी को भी कानून हाथ में नहीं लेने दिया जाएगा। अगर कोई कानून तोड़ने की कोशिश करेगा तो उनके खिलाफ सख्ती से पेश आया जाएगा। पंजाब से जुड़ी सीमाओं पर अर्धसैनिक बलों के साथ हरियाणा पुलिस के जवान तैनात हैं।