{"vars":{"id": "100198:4399"}}

दिल्ली से महज चार घंटे की दूरी पर स्थित इस छोटे से हिल स्टेशन को कहते हैं 'फलों की नगरी', घूमने के लिए है बेस्ट 

 

हिमाचल प्रदेश में कई हिल स्टेशन हैं जहां आप गर्मी के मौसम में जा सकते हैं। उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के कई हिल स्टेशन दिल्ली से कुछ ही घंटों की दूरी पर स्थित हैं। चिलचिलाती धूप और गर्मी से राहत पाने के लिए दिल्लीवासी यहां जा सकते हैं।

अगर आप भी गर्मी और बढ़ते तापमान से परेशान हैं और किसी ठंडे हिल स्टेशन की तलाश में हैं तो दिल्ली से महज 4 घंटे की दूरी पर ऑफबीट हिल स्टेशन पर घूमने जा सकते हैं। शिमला मनाली के अलावा इस हिल स्टेशन की खूबसूरती न सिर्फ आपको पसंद आएगी बल्कि यहां का मुख्य आकर्षण आपको बार-बार आने के लिए प्रोत्साहित करेगा।

शोघी हिल स्टेशन दिल्ली से 4 घंटे की दूरी पर है। यह हिमाचल प्रदेश की गोद में बसा एक खूबसूरत शहर है। शोघी हिल स्टेशन को मंदिरों का शहर भी कहा जाता है। यहां 250 साल पुराना तारा देवी मंदिर स्थित है। इसके अलावा, शोघी में हनुमान मंदिर, जाखू पहाड़ी, काली मंदिर, कंडाघाट जैसे कई पुराने मंदिर हैं।

इतना ही नहीं, इस हिल स्टेशन में ग्लेन फॉरेस्ट में धुंए भरी पहाड़ियों से घिरा चैडविक फॉल्स है, जो स्वर्ग जैसा लगता है। इस झरने की खूबसूरती पर्यटकों को बार-बार यहां आने पर मजबूर कर सकती है। यदि आप शोघी जाते हैं, तो गिल्बर्ट ट्रेल के साथ टहलें। यह प्रकृति प्रेमियों के लिए एक पसंदीदा जगह है, जहां कुदरत का करिश्मा देखने को मिलता है।

खास बात यह है कि शोघी न केवल अपने पर्यटक आकर्षणों के लिए, बल्कि खेती या बागवानी के लिए भी प्रसिद्ध है। शोघी में विभिन्न प्रकार के फल उगाये जाते हैं। ताजे फलों का जूस यहां कहीं भी मिल जाएगा। आप शोघी उद्यान भी देख सकते हैं। शोघी हिल स्टेशन का मौसम साल भर सुहावना रहता है। हालाँकि, नवंबर से जनवरी तक यहां बर्फ का आनंद लिया जा सकता है। गर्मी से बचने के लिए फरवरी से जून का समय सबसे अच्छा हो सकता है।