{"vars":{"id": "100198:4399"}}

Panipat News: नीरज चोपड़ा के नाम एक और उपलब्धि, ये सम्मान पाने वाले बने हरियाणा के पहले खिलाड़ी 

नीरज चोपड़ा बने स्विट्जरलैंड के फ्रेंडशिप एंबेसडर
 

Panipat News: विश्व एथलेटिक्स और एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक विजेता नीरज चोपड़ा ने एक और उपलब्धि अपने नाम दर्ज की है। नीरज चोपड़ा को स्विटजरलैंड के जंगफ्राउजोक के मशहूर आइस पैलेस में पट्टिका लगाकर सम्मानित किया है। हरियाणा प्रदेश के नीरज पहले खिलाड़ी बन गए हैं जिन्हें यहां पट्टिका लगाकर सम्मानित किया गया है। इस पर नीरज के परिजनों ने ख़ुशी जाहिर की है। पेरिस ओलंपिक में नीरज ने देश के नाम एक और स्वर्ण पदक लाने की उम्मीद जताई है।

देश की झोली में एक और स्वर्ण पदक लाना- नीरज 
जानकारी के मुताबिक, नीरज चोपड़ा के नाम भाला फेंक स्पर्धाओं में कई रिकाॅर्ड दर्ज हैं। नीरज मूल रूप से हरियाणा के पानीपत के खंडरा गांव के रहने वाले हैं। नीरज अब पेरिस ओलंपिक के लिए विदेश में रहकर तैयारी कर रहे हैं। नीरज चोपड़ा ने बताया था कि उनका लक्ष्य पेरिस ओलंपिक में देश की झोली में एक और स्वर्ण पदक लाना है। 

लगातार कर रहें है मेहनत:
नीरज अपने इस सपने को पूरा करने के लिए लगातार मेहनत कर रहे हैं। नीरज के चाचा भीम सिंह चोपड़ा ने बताया कि नीरज स्विटजरलैंड के जंगफ्राउजोक में मशहूर आइस पैलेस में पट्टिका लगाने की जानकारी मिलना प्रदेश ही नहीं देश के लिए गर्व का विषय है। पिता सतीश कुमार और मां सरोज देवी ने कहा कि उनको नीरज पर पूरा भरोसा है। वे देश का नाम रोशन करने के लिए एडी चोटी का जोर लगा रहे हैं। 

नीरज ने क्या कहा?
नीरज चोपड़ा ने कहा कि पट्टिका के अनावरण पर कहा उनको यहां प्यार और सराहना पाकर बेहद खुश हैं। उन्होंने आइस पैलेस में पट्टिका लगाने के बारे में कभी सपने में भी नहीं सोचा था।

बतादें कि, जंगफ्राउजोक को यूरोप का शिखर कहा जाता है। इस जगह की खास बात यह है कि यहां कई और स्टार खिलाड़ियों की पट्टिकाएं लगाई गई हैं। बतादें कि,नीरज को स्विट्जरलैंड का फ्रेंडशिप एंबेसडर भी बनाया गया है। नीरज अब देश के एडवेंचर पसंद लोगों को स्विटजरलैंड आने के लिए प्रेरित करेंगे।