India H1

Sonipat News: किसानों की दिल्ली कूच की तैयारी, पुलिस ने दंगा नियंत्रण के लिए किया अभ्यास 

अर्धसैनिक बलों की 2 कंपनियां पहुंची सोनीपत 
 
sonipat news kisan protest

Sonipat News: 13 फरवरी को संयुक्त किसान मोर्चा (गैर राजनीतिक) ने दिल्ली कूच की घोषणा की है और इसके बाद से ही पुलिस प्रशसन तैयारियों में लग गया है। बतादें कि, इससे पहले सोनीपत पुलिस ने पहले ही 6 कंपनियां बना रखी हैं। बी सतीश बालन, पुलिस आयुक्त ने पुलिस लाइन में जाकर आंसू गैस से लेकर लाठी चार्ज और वाटर कैनन के प्रशिक्षण का निरिक्षण किया। 

पुलिस की तैयारी पूरी:
13 फरवरी को संयुक्त किसान मोर्चा SKS (गैर राजनीतिक) ने दिल्ली कूच की घोषणा कर रखी है। इसे किसान संगठनों द्वारा आंदोलन 2 का नाम दिया है। इसमें हिमाचल प्रदेश से एक, पंजाब से दस और हरियाणा से 7 किसान संगठन समेत 18 किसान संगठनों के शामिल होने की खबर है। ऐसे में लोगों को नेशनल हाईवे 44 के जाम होने का डर सताने लग गया है। उधर पुलिस ने भी तैयारियां पूरी कर रखी हैं। सोनीपत पुलिस के 100 से अधिक पुलिसकर्मियों ने उग्र प्रदर्शन को रोकने के लिए तैयारी कर रखी है। बी सतीश बालन, पुलिस आयुक्त ने बताया कि, किसानों को हरियाणा में नहीं आने देने की पहल रहेगी। इसके लिए अंबाला के शंभू बॉर्डर पर सुरक्षा कड़ी की गई है। सोनीपत के दो पुलिस अधिकारी व कंपनी शंभू बॉर्डर पर भेजे गए हैं।

पुलिस ने किया एंटी-राइट गन का अभ्यास:
पुलिस ने लाइन में एंटी राइट गन की ट्रेनिंग ली। बतादें कि इसका इस्तेमाल दंगा नियंत्रण के दौरान किया जाता है। इस गन में पीछे से खाली कारतूस और फिर गन की नली में प्लास्टिक की गोली भरी जाती है और फिर फायर किया जाता है। पुलिस ने इसके साथ ही आंसू गैस के गोले, लाठीचार्ज और वाटर कैनन को चलने का अभ्यास भी किया। 

100 से अधिक बेरिकेड्स टिकरी बॉर्डर पर रखवाए गए:
किसानों के दिल्ली कुछ के एलान के बाद से ही दिल्ली और हरियाणा पुलिस टिकरी बॉर्डर पर पूरी तरह से सक्रिय हो गई है। दिल्ली पुलिस ने टिकरी बॉर्डर पर 100 से अधिक बेरिकेड्स लगवा रखे हैं। हरियाणा पुलिस ने भी ख़ासा इंतजाम कर रखे हैं। हरियाणा पुलिस द्वारा 100 से अधिक बेरिकेड्स टिकरी बॉर्डर पर रखवाए गए। डॉ. अर्पित जैन, एसपी झज्जर ने कहा कि, टिकरी बॉर्डर पर व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया है। किसी भी सूरत में यहां पर कानून का उल्लंघन नहीं होने दिया जाएगा। कानून तोड़ने वालों के खिलाफ पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी।

जींद में भी लगी धारा 144: 
किसान आंदोलन को देखते हुए हरियाणा के जींद में भी धारा 144 लगा दी गई है। जिलाधीश मोहम्मद इमरान रजा ने धारा 144 लगाने का आदेश दिया। उन्होंने कहा, विभिन्न किसान संगठनों ने अपनी मांगों को लेकर 13 फरवरी को दिल्ली कूच का कार्यक्रम प्रस्तावित किया है। इन किसान संगठनों की ओर से प्रदेश के किसानों से भी आह्वान किया जा रहा है। इस दौरान असामाजिक तत्व सरकारी व गैर सरकारी संपती को नुकसान पहुंचा सकते हैं।