नायब सैनी सरकार 15 अगस्त को देगी कच्चे कर्मचारियों को बड़ा तोहफा, ग्रुप B, C और D के एक लाख कर्मचारी होंगे पक्के

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी आगामी स्वतंत्रता दिवस पर 15 अगस्त को प्रदेश सरकार के विभागों, बोर्डों, निगमों में कार्यरत ग्रुप बी, सी, डी के 1,00,000 (एक लाख) से ज्यादा कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने का तोहफा दे सकते हैं।
भारतीय मजदूर संघ समेत अन्य कर्मचारी संघों के साथ सरकार के अलग-अलग स्तर पर हुई चर्चा में ये संकेत मिले हैं। वैसे हरियाणा मंत्रिमंडल की पिछली बैठक में सैद्धांतिक तौर पर अध्यादेश लाने की मंजूरी मिल चुकी है। इस प्रस्तावित अध्यादेश पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में 8 अगस्त 2024 को होने वाली मंत्रिमंडल की बैठक में फिर चर्चा हो सकती है।
मंत्रियों के सुझाव मिलने के बाद अंतिम फैसला 15 अगस्त को होने वाली घोषणा से ही पता चलेगा। पिछले दिनों करनाल में आंदोलनरत एक विभाग के कर्मचारियों को इस तरह का आश्वासन मिला था कि 15 अगस्त तक इंतजार करें। सरकार अस्थायी कर्मचारियों को गेस्ट टीचर्स की तर्ज पर सर्विस सिक्योरिटी एक्ट लाना चाहती है। इसे फिलहाल अध्यादेश के रूप में लाया जाएगा।
चूंकि अभी हरियाणा विधानसभा का सत्र नहीं चल रहा है इसलिए अध्यादेश लाया जाएगा। छह महीने के भीतर विधानसभा में विधेयक लाना होगा। जिस पर राज्यपाल के हस्ताक्षर होने के बाद वह अधिनियम बन जाएगा। रेगुलराइजेशन पॉलिसी से ज्यादा दम अधिनियम में होता है।